9. किताबें (बाल कविता)
9. किताबें (बाल कविता)
अनुभूतियों का अंबार किताबें।
अथाह ज्ञान का भंडार किताबें।
किसी ने समेटा इतिहास है,
किसी में विज्ञान का वास है,
तो कहीं छुपी प्रेरणा खास है,
समाय बैठी संसार किताबें।
अनुभूतियों का अंबार किताबें।
अथाह ज्ञान का भंडार किताबें।
साहित्य सुधी सरोबर हैं ये,
पुरखों की अतुल धरोहर हैं ये,
मनभावन और मनोहर हैं ये,
मधुर संगीत झंकार किताबें।
अनुभूतियों का अंबार किताबें।
अथाह ज्ञान का भंडार किताबें।
इनमें कुछ धार्मिक और पवित्र,
पाठकों में रचतीं सद चरित्र,
मनुष्य की अटूट अभिन्न मित्र,
मानवता का अलंकार किताबें।
अनुभूतियों का अंबार किताबें।
अथाह ज्ञान का भंडार किताबें।
भले बुरे में अंतर सिखाएं,
रास्ता मंजिल तक का दिखाएं,
अकेलापन ये दूर भगाएं,
गुणी घर का ऋंगार किताबें।
अनुभूतियों का अंबार किताबें।
अथाह ज्ञान का भंडार किताबें।
जो किताबों को पढ़ते पढ़ाते,
अंतर्दृष्टि व कल्पनाशक्ति पाते,
भाषा पर खूब पकड़ बनाते,
क्रांतियों की हुंकार किताबें।
अनुभूतियों का अंबार किताबें।
अथाह ज्ञान का भंडार किताबें।
— भगत राम मंडोत्रा
Comments
Post a Comment